Rahul Gandhi: राजधानी और अन्य बड़े शहरों में बढ़ती प्रदूषण से जुड़ी समस्याएं आज सदन में चर्चा का विषय बनी हैं। नेता प्रतिपक्ष ने लोकसभा में प्रदूषण के मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाया है। राहुल गांधी ने संसद के शीतकालीन सत्र में वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों पर चर्चा की। एलओपी ने कहा कि जहरीली हवा के चलते लाखों बच्चे फेफड़ों की बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। लोग कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से ग्रस्त हैं और बुजुर्गों में सांस संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। इसके लिए ठोस कदम उठाने का समय आ गया है। राहुल गांधी के बयान के बाद, मंत्री किरेन रिजिजू ने सरकार की ओर से जवाब दिया, जिसके बारे में हम विस्तार से चर्चा करेंगे।
सदन में Raul Gandhi ने प्रदूषण का मुद्दा उठाया!
लोकसभा में अपने विचार रखते हुए नेता प्रतिपक्ष ने प्रदूषण के मुद्दे पर जोरदार तरीके से बात की।
राहुल गांधी ने कहा, “हमारे ज्यादातर बड़े शहर जहरीली हवा की चादर में लिपटे हैं। लाखों बच्चे फेफड़ों की बीमारियों से जूझ रहे हैं। उनका भविष्य धुंधला हो रहा है। लोग कैंसर से पीड़ित हैं। बुजुर्गों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है। यह मुद्दा इतना अहम है कि मुझे यकीन है कि इस पर सरकार और हम सभी के बीच सहमति बनेगी। यह कोई विचारधारा का मुद्दा नहीं है। इस सदन में सभी इस बात पर सहमत होंगे कि वायु प्रदूषण और इसके प्रभाव पर हम सभी मिलकर काम करना चाहेंगे।”
राहुल गांधी ने प्रदूषण पर चर्चा करते हुए एक पोस्ट भी साझा की, जिसमें लिखा गया है कि “वायु प्रदूषण एक राष्ट्रीय आपदा का रूप ले चुका है, जिसके खिलाफ़ एक तत्काल, व्यापक और निर्णायक राष्ट्रीय योजना की आवश्यकता है। यह किसी राजनीतिक मुद्दे का विषय नहीं, बल्कि हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, इसके समाधान और हमारे लोगों के भविष्य की रक्षा के लिए हम प्रधानमंत्री के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं।”
यह महत्वपूर्ण मुद्दा जनहित से जुड़ा है और नेता प्रतिपक्ष द्वारा सदन में प्रभावी ढंग से उठाया गया है, जो उनकी प्राथमिकताओं को दर्शाता है। उनके इस बयान की व्यापक चर्चा हो रही है।
नेता प्रतिपक्ष पर सरकार का स्पष्ट जवाब!
केंद्र की ओर से मंत्री किरेन रिजिजू ने तत्परता से राहुल गांधी के वक्तव्य पर प्रतिक्रिया दी।
लोकसभा में बोलते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि “सरकार ने पहले से ही अपना रुख स्पष्ट कर दिया है कि सभी महत्वपूर्ण मामलों पर चर्चा करने के लिए तैयार है और राहुल गांधी की अगुवाई में विपक्ष के सुझावों को शामिल करने के लिए भी। विभिन्न कानूनों और नियमों के तहत हम यह तय करेंगे कि हम इस चर्चा को कैसे आगे बढ़ाएँगे।” निकट भविष्य में प्रदूषण पर चर्चा की संभावनाएं जताई जा रही हैं।



